.


आप किस दुनिया में जीते हैं साहब, अब भला कोई रेडियो खरीदता है। गया वो जमाना, हम अब अपनी दुकान में रेडियो रखते ही नहीं। दो दुकानों में रेडियो है पूछने और जबाब में नहीं होने पर मेरी चिंता बढ़ गयी कि क्या वाकई आनेवाले समय में रेडियो मिलना बंद हो जाएगा।

कैम्प की यह इलेक्ट्रॉनिक की सबसे बड़ी दुकान है। कई एजेंसियां अपने विज्ञापनों में इस दुकान का नाम देती है. मैंने खुद यहां से बहुत सामान लिए हैं औऱ दोस्तों के लिए भी आया हूं। एफ.एम चैनल पर मुझे एक लेख लिखना था। मैंने सोचा क्यों न इस बार अपना एक रेडियो खरीद लूं। एम.फिल के दौरान पूरे सालभर तक रेडियो पर काम करता रहा और मांग-मांगकर काम चलाता रहा। अब पहले वाली बात नहीं रह गयी कि रेडियो, आयरन और हीटर जैसी छोटी-मोटी चीजें लोगों से मांगे और खासकर तब जबकि हॉस्टल में हर तीन लड़के पर एक लैपटॉप हो। मेरी इधर कई दिनों से इच्छा भी हो रही थी कि एक रेडियो लूं और लेख भी लिखना था सो रेडियो खरीदने यहां आ गया।
रेडियो खरीदने की शर्त थी कि मुझे सिर्फ रेडियो खरीदनी है। आप इसे आज के समय में टिपिकल कह सकते हैं। लेकिन यकीन मानिए सिर्फ रेडियो हो तो उसके सुनने का अलग ही मजा है। दुकानदार मुझे दुनियाभर के टू इन वन दिखा रहा है। फिलिप्स, सोनी, पैनासॉनिक औऱ पता नहीं किस-किसके। मैं साफ ही कह रहा था कि नहीं भाई मुझे सिर्फ रेडियो चाहिए। पहले तो उसे लगा कि ऐसा मैं पैसे के कारण कह रहा हूं। उसने हजार-बारह सौ रुपये के भीतर के म्यूजिक सिस्टम दिखाना शुरु किया। मैं बेमन से नहीं लेनेवाली नजरों से देखता रहा और अंत में कहा- नहीं, मुझे सिर्फ रेडियो चाहिए, उसके साथ कुछ भी नहीं। तब उसने जबाब दिया- कहां है साहब, अब कोई सिर्फ रेडियो खरीदता है, ले जाइए इसे, दोनों मजा मिलेगा। मुझे सिर्फ एक मजा चाहिए था, मैंने मना कर दिया और पूछा कि- चलो इतना बता दो कि कहां मिलेगा। उसने कहा- इधर तो कहीं नहीं मिलेगा, चले जाइए चांदनी चौक।

मोबाइल, आइपॉड, गाडियों और टू इन वन में रेडियो के होने से नो डाउट रेडियो सुनने का प्रचलन पहले से कई गुना बढ़ा है लेकिन एक बड़ी सच्चाई यह भी है कि रेडियो बिकने पहले से बहुत कम हो गए हैं। अब बहुत कम ही लोग सिर्फ रेडियो लेते हैं। लेकिन मेरा अपना मानना है कि जो चीजें जिस काम के लिए बनायी गयीं हैं, उसे उसी रुप में इस्तेमाल किए जाएं। इसलिए टीवी खरीदते समय मेरे एक सीनियर ने टीवी ट्यूनर लगे अपने कम्प्यूटर पकड़ाने की कोशिश की तो मैंने साफ कहा- नहीं सर, अगर कम्प्यूटर खराब हो गया तो फिर टीवी से भी गए, अलग-अलग लेना ही ठीक होता है।

रेडियो को लेकर मैं शुरु से ही बहुत भावुक रहा हूं। इसलिए जब दुकानदार ने कहा कि अब कहां मिलते हैं रेडियो तो भावुकतावश पुराने दिनों में चला गया।

मर्फी की रेडियो से सुनना शुरु किया था। पापा को दहेज में नाना ने दिए थे वो रेडियो। उस जमाने मे रेडियो की हैसियत टीवी से कम नहीं हुआ करती थी, साइज भी कमोवेश उतनी ही हुआ करती। मुझे याद है वो रेडियो अंतिम बार मैंने अपनी जेबखर्च से अस्सी रुपये लगाकर बनवाए थे। उसके बाद उसकी कुछ ऐसी चीज खराब हो गयी कि घर के कोने में- नाना की याद में- का कैप्शन लगाकर रखने की हो गयी। लोगों ने ध्यान नहीं दिया और रांची आने पर मां से एक-दो बार उसके बारे में पूछता रहा। मां ने बताया कि- उसका सब हाड-गोड छितरा गया है। यानि उसके सारे पुर्जे इधर-उधर हो गए हैं। बाद में मेरे चचरे भाई ने रेडियो मरम्मत सीखने के क्रम में उसे पूरी तरह शहीद कर दिया।

उसके बाद घर में संतोष का रेडियो आया। पापा उसे या तो बाजा कहते या फिर ट्रांजिस्टर, रेडियो कभी नहीं कहा। इसे तीन-चार महीनों तक हमें हाथ लगाने के लिए नहीं दिया गया। घर में अगर आपके साथ जरुरत से ज्यादा अनुशासन बरते जाते हों तो मामूली चीजें भी बहुत रहस्यमयी और कीमती हो जाती है। पापा और बड़े भाइयों ने शायद इसलिए ऐसा किया होगा कि हमें यह कीमती और रहस्यमयी लगे। दीदी से हाथ-पैर जोड़ता तो रेडियो बजाती, नहीं तो उस पर कॉपीराइट सिर्फ पापा का ही था। एकाध-साल बाद रेडियो में कुछ-कुछ खराबी आने लगी और पापा उसे आप ही ठीक कर लेते। कभी हैंडल टूटता, कभी स्विच टूटता औऱ बैटरी लगाने के बाद उपर का ढक्कन तो हमेशा ढीला हो जाता, सो उसे अलग ही रख देते। गांव और कस्बों में अधिकांश लोग जब रेडियो बजाते थे, खासकर संतोष तो बैटरी के उपर कवर नहीं होते और वो नंगी दिखायी देती। बीड़ी गोदाम और पेटीकोट जहां सिलते थे, वहां मैंने ऐसा खूब देखा है। जब रेडियो के पार्ट-पुर्जे ज्यादा टूट जाते और वो ऐसा लगने लग जाता कि दंगे से उठाकर लायी गयी हो, तब पापा उसे पिंकी मिस्त्रीवाले के यहां ले जाते। पापा तो सुबह दूकान चले जाते और एक ही बार रात को आते लेकिन घर में सबसे छोटा होने की वजह से हमें यह काम दे देते कि- जाकर पता करते रहना कि रेडियो मरम्मत का काम हो गया या नहीं। अब हम दिनभर में दो बार तो जरुर जाते और कभी अकड़ से कि- पापा ने कहा है कि जल्दी करे, काम हर्जा हो रहा है और कभी खुशामद से कि परसों तक दे दो, अबकि बार बिनाका गीतमाला छोड़ना नहीं चाहता। मिस्त्री अंत में उबकर बना देता। लेकिन इसमें भी मेरी फजीहत हो जाती।

एक तो पापा की तरफ से ऑर्डर नहीं था कि मैं उसे घर लाउं, मेरा काम सिर्फ बनने की सूचना देनी थी। दूसरा कि पापा के जाते ही मिस्त्री शिकायत करता कि- आपका लड़का तो रेडियो के बारे में पूछ-पूछकर जीना हराम कर देता है। आपको इतनी ही जल्दी रहती है तो कहीं और बनवाया कीजिए। वो जानता था कि पापा ऐसा नहीं कर सकते, क्योंकि पापा को लगता था कि बाकी के मिस्त्री संतोष का ऑरिजिनल पार्ट निकालकर लोकल डाल देंगे। इसलिए पापा कहते- कोई नहीं, अभी जाकर पूछता हूं। पापा घर आते और एक ही बात कहते- तुम्हें पूछने कहता हूं कि मिस्त्री का खाना-पीना मुहाल करने। अच्छा, कई बार ऐसा होता कि हड़बड़ी में मिस्त्री कुछ काम छोड़ देता। तब भी पापा यही कहते, अकबकाकर मांगेगा तो इसमें मिस्त्री क्या करेगा। पापा समझने लग गए थे कि ये अपनी गरज से इतनी बार पूछता है।


बोर्ड तक आते-आते मुझमें इतनी हिम्मत हो गयी थी कि एकबार दो सौ रुपये जमाकर मैंने खुद से एक रेडियो खरीद लिया। मेरे स्कूल का एक दोस्त मरम्मती का काम करता था और कम दाम में मिल जाने की बात से मैंने उसके कहने पर खरीद लिया था। घर में लोगों ने पूछा कि तुमने अलग से रेडियो क्यों खरीद लिया ? मैंने कहा-खरीदा कहा है, फंसा है। पापा ने रात में क्लास ली थी कि- फंसा है, माने। मैंने डरते-डरते जबाब दिया था कि- हां लॉटरी में फंसा है। इतना सुनना था कि पापा शुरु हो गए।

पढ़ना-लिखना साढ़े बाइस और रेडियो और जुआ। जो करम खानदान में कोई नहीं किया, वो काम ये करेगा। मैंने बाद में डरते-डरते बताया कि रोज स्कूल जाने पर जो पैसे मिलते हैं और नानी ने जो पैसे दिए थे उससे लिया हूं। मुझे लगा, तब कुछ राहत मिलेगी। लेकिन...मामला कुछ उल्टा ङी पड़ गया था।


घर से पहली बार पढ़ाई के लिए बाहर निकलने पर पापा ने यही रेडियो मरम्मत कराकर और चमकाकर दिए थे। अवचेतन मन में यही सारी बातें मुझे अलग से रेडियो खरीदने के लिए उकसा रही थी।

| | edit post
परसों मैनेजर पाण्डेय ने कहा कि साहित्यिक गोष्ठियों में जो विषय रखे जाते हैं, उसे कुछ लोग विषय के बजाय खूंटी समझ लेते हैं और उसमें कोट से लेकर लंगोट तक लटकाने लग जाते हैं। इस मजाकिया अंदाज में बोलकर पाण्डेयजी भले ही थोड़ी देर के लिए ऑडिएंस का ध्यान अपनी ओर खींचना चाह रहे हों लेकिन हिन्दी समाज की एक बड़ी सच्चाई तो जरुर सामने आ जाती है।

हिन्दी समाज में साहित्यिक या फिर दूसरे विषयों पर बोलने वालों में एक बड़ी बीमारी है जिसे आप कभी न बदलनेवाली लत भी कह सकते हैं कि वो दुनियाभर की बात करेंगे। संभव है वो इतिहास, समाजशास्त्र और साइंस पर लम्बा बोल जाएं लेकिन उस विषय पर कुछ भी नहीं बोलेंगे जिस पर बोलने के लिए उन्हें बुलाया गया है, जनता जिन्हें सुनने के लिए गिरते-पड़ते १२- १४ किलोमीटर तक बस में धक्के खाकर आती है। आत्म-मुग्धता के शिकार ये वक्तागण बार-बार ये साबित करने की फिराक में होते हैं कि वो हिन्दी में भले ही हैं लेकिन उन्हें बाकी विषयों की भी उतनी ही गहरी समझ है जितनी कि और लोगों को होती है। एक ही साथ कई विषयों पर सरमान अधिकार साबित करने के चक्कर में ऑय-बॉय कुछ भी बोल जाते हैं। कहीं एक-दो अंग्रेजी अखबार से रेफरेंस दे दिया, कोई रशियन या फिर फ्रेंच लेखक की एक-दो पंक्ति झोंक दी।...और विद्वान कहलाने की दावेदारी ठोकने लग गए।

दिन-रात हिन्दी में ही आंख गड़ाए रखनेवाले श्रोता आतंकित होते हैं, प्रभावित होते हैं और आंखे फाड लेते हैं। बीए और एमए के बच्चे तो एकदम से घबरा जाते हैं कि- यहां बारह-चौदह घंटे हिन्दी पढ़कर पचपन प्रतिशत नंबर बनाना मुश्किल होता है और येलोग हिन्दी में रहकर भी अंग्रेजी और फ्रैंच कैसे पढ़ लेते हैं। जो लोग लेखक और लेक्चरर बनने की प्रक्रिया में होते हैं औऱ संयोग से वक्ता उन्हीं की लॉबी का हो तो वे हो-हो करके एक स्वर में कहने लग जाते हैं- अरे यही तो इनकी खासियत है, अंग्रजी उतना जानते हैं जितना कि एडहॉक में अंगरेजी पढ़ानेवाले लोग भी नहीं जानते हैं। सभागार में भय और आतंक का महौल बनता है, वक्ता भीतर ही भीतर मुस्कराते हैं, चलो कुछ तैयारी नहीं भी करके आने पर जादू चल गया। अघोरी वाला काम किया है और अंदर ही अंदर मुदित हो रहा है कि तीर मार दिया है. कैसे इन लोगों को घिन नहीं आती है कि सालों से एक ही माल को फेंट-फाट कर चला रहा है, डिब्बा तक बदलने की जरुरत नहीं समझता।

कुछ रेगुलर और कुछ समझदार लोगों को सारी बातें तो समझ में आ जाती है कि वक्ता वही सब बोलेंगे जो वो तय करके आए हैं, आयोजक चाहे जो भी विषय रख दे। हां ये बात समझने में थोड़ी परेशानी जरुर हो रही है कि पाण्डेयजी ने कोट किसे कहा और लंगोट किसे कहा।
| | edit post

अधिकांश मीडियाकर्मियों को ऐसा लगता है कि आज भी टेलीविजन के मुकाबले प्रिंट मीडिया लाख गुना अच्छा है। आज भी उसमें बाजार के तमाम दबाबों के बावजूद जर्नलिज्म जिंदा है। शायद यही वजह है कि वो जब टेलीविजन की चिल्लम-पो से उकता जाते हैं, सो कॉल्ड पत्रकारिता के नाम पर बकबास करते-करते झल्ला जाते हैं तो अखबारों को पकड़ लेते हैं। आठ साल-दस साल के बाद उन्हें फिर से सत्य का ज्ञान होता है कि- नहीं अभी तक जो कर रहे थे, वो सब छल था, अब वाकई पत्रकारिता करनी चाहिए। इस बीच फ्लैट के लिए लोन की किस्त भी पूरी हो जाती है, इसलिए माल कम भी मिले तो भी काम करने में परेशानी नहीं होती। हालांकि माल कम मिलता नहीं है। यह रघुवीर सहाय की हिन्दी नहीं है जो सिर्फ मुटाती जाती है, ये हिन्दी मीडिया है जो बाजार के माल से न केवल थुल-थुल हुई है बल्कि पहले से कहीं ज्यादा दुधारु हुई है, पैसा इसमें भी है। प्रिंट के पत्रकारों ने भले ही जमीनी स्तर पर तेजी से अपना हुलिया नहीं बदला हो लेकिन माल उन्हें भी टेलीविजन के लोगों से कम नहीं मिलते। खैर,

टीवी मीडिया में दूसरे तरह के वे मीडियाकर्मी हैं जो टीवी में ही बने रहना चाहते हैं। ये उनका समर्पण कहें, मोह कहें या फिर आदत। बोलने की भी आदत खराब होती है, ड्रग्स से भी खराब, इसका इलाज सिर्फ है, पहले से ज्यादा बोलना। ज्ञान देने के लोभ से वो टीवी छोड़ना नहीं चाहते। लेकिन उनका मन करता है कि वे अपनी बातों को, अपने अनुभवों को, मीडिया के ज्ञान को अखबार के पाठकों तक पहुंचाएं। एक तो पहुंच पहले से ज्यादा बढ़ती है, अच्छा सोचने और लिखने का लेबल लगता है, लोगों के बीच ये मैसेज जाता है कि- देखो, बंदा टीवी में रहकर भी इसके भीतर के खोखलेपन को कितनी हिम्मत से लिख रहा है, सबमें ऐसा करने का करेजा नहीं होता। लोग ऐसे मीडियाकर्मियों की ईमानदारी पर रीझ मरते हैं। साथ ही ये जो आम धारणा बनती जा रही है कि टीवी में काम करनेवाले लोग बुद्धिजीवी हो ही नहीं सकते , वो इससे भी बरी हो जाते हैं और बुद्धिजीवी कहलाने का सुख भी मिल जाता है। ग्लैमर, स्टेटस का कॉम्बी पैक ।

आप टीवी पत्रकारिता कर रहे मीडियाकर्मियों की बातों पर गौर करें। आप एक बार में ही अंदाजा लगा लेंगे कि ये जो कुछ भी कह रहे हैं, वो तो हम सब भी कहते हैं, टेवीविजन की जिन बातों से हमें असहमति है, उससे वे भी असहमत होते हैं। मतलब आज टीवी चैनलों के विरोध में जितना हम बोलते-बतियाते हैं, उतना तो ये भी बोलते हैं। टीवी के अंदर का बंदा भी टीवी से उतना ही असहमत है जितना कि टीवी के बाहर का दर्शक या आम आदमी। इसे आप टीवी मीडियाकर्मियों की ईमानदारी कह सकते हैं, आप इसे उसकी छटपटाहट कह सकते हैं। और वो जो लगातार प्रिंट में लिख रहे हैं, उसे फर्स्ट हैंड एक्सपीरियेंस कह सकते हैं। लेकिन बात क्या सिर्फ इतनी भर है।

टीवी में काम करते हुए जो भी लोग प्रिंट में लिख रहे हैं, वे नौसिखुए लोग नहीं है, नए मीडियाकर्मी नहीं है कि फ्रस्ट्रशेन में जो मन में आया लिख दिया। ये वो लोग हैं जिन्हें मीडिया का अच्छा-खासा अनुभव है, जिनकी चैनलों के भीतर अच्छी-खासी पैठ है। वो डिसिजन मेकिंग बॉडी में हैं, उनके हिसाब से काफी कुछ चीजें तय होती हैं। हम जैसे लोगों के जाने पर बताते हैं कि खबर क्या है औऱ क्या नहीं। हम जिसे खबर मानकर शूट कर लाते हैं, वो उनके लिए खर-पतवार है, एक सिनिकल स्टेज है और उनके मुताबिक हमें जल्द से जल्द इससे उबरना चाहिए। लेकिन प्रिंट में आकर फिर यही लोग उन सब बातों पर लिख जाते हैं, लगातार लिख रहे हैं जिसे कि पाठ्यक्रम पढ़कर और संस्थानों से पत्रकारिता करके नए-नए मीडियाकर्मी चैनल में पत्रकारिता करने आते हैं। चैनल में जो चीजें नए मीडियाकर्मियों के लिए सिनिकल, नास्टॉल्जिक और कोरी भावुकता है, प्रिंट में आते ही इन अनुभवी टेलीविजन मीडियाकर्मियों के लिए सीरियस जर्नलिज्म, सच्ची पत्रकारिता।

....तो क्या हम ये मान लें कि प्रिंट माध्यमों में वो ताकत है जो कि अनुभवी से अनुभवी टीवी मीडियाकर्मियों को टीआरपी से हटकर घोर सामाजिक स्तर पर सोचने और लिखने को मजबूर कर देता है, उनकी कलम( अब कीबोर्ड) समाज से शुरु होती है और समाज पर जाकर खत्म होती है। उन्हें एहसास कराती है कि मीडियाकर्मी होने के पहले तुम एक संवेदनशील इंसान हो। या फिर इससे भी अलग कि इन टीवी मीडियाकर्मियों के लिए प्रिंट मीडिया एक कॉन्फेशन सेंटर है। जहां आकर वे थर्ड पर्सन में लिखकर सबकुछ बयान कर दें कि- मीडिया के नाम पर न्यूज रुम में क्या-क्या होता है। खबरों के नाम पर लोगों के सामने कूडे का अंबार लगाया जा रहा है। ये हमें जानकारी देने से ज्यादा अपना मन हल्का करने के लिए लिख रहे हैं। कॉलेज के दिनों में ये काम हमने चर्च के फादर के सामने खूब किया है।

साहित्य में ये काम विद्यापति और घनानंद जैसे मूर्धन्य कवियों ने खूब किया है। जीवनभर नायिका-भेद और श्रृंगार परक रचनाओं के लिखने बाद अंत में उन्हें लगा कि- अब तक हमनें जो कुछ भी किया, वो ठीक नहीं था, हमें ये सब नहीं करना चाहिए था । अंतिम दौर में उन्होंने जो पद लिखे हैं, उसे पढ़कर आपको अंदाजा लग जाएगा कि वे अबतक के अपने किए गए कर्म को पाप समझ रहे हैं और ईश्वर पर लिखकर प्रायश्चित करना चाहते हैं।... तो टीवी के अनुभवी मीडियाकर्मी, प्रिंट में लिखकर कुछ ऐसा ही कर रहे हैं या फिर अपनी अनुभूति की प्रामाणिकता हमारे सामने पेश कर रहे हैं।




| | edit post
रणेन्द्र सर को लिखी चिट्ठी का बाकी हिस्सा
यह उपन्यास इस अर्थ में भी बेजोड़ है कि इसने पूरी तरह सामाजिक विकास होने के पहले ही धर्म की सत्ता स्थापित होने और उसके सांस्थानिक प्रक्रिया में बदल जाने की पूरी घटना को स्वाभाविक तरीके से चित्रित करता है। धर्म का यह स्वरुप पहले के धर्म की सत्ता से भिन्न इस अर्थ में है कि इसके दरवाजे आगे जाकर पूंजीवाद और राजनीति में खुलते हैं. शोषण के स्तर को बनाए रखने के लिए जिन रुपों में गठजोड़ संभव है, धर्म उन सबके साथ है। इसलिए यह फर्क करना मुश्किल हो जाता है कि कोशिशें धर्म के जरिए शोषण कायम करने की हो रही है या फिर शोषण के जरिए धर्म ( सत्ता) को बनाए रखने की कवायदें चल रही है।
जिस धर्म को विकृत भौतिकतावाद और शोषण के विरोध में होना चाहिए था उस पर भी भौतिक साधनों के जरिए ग्लोबल होने का भूत सवार है। इसलिए अलग दिखने वाले( व्यवस्था से) इस धर्म में ग्लोबल तत्व, राजनीतिक चरित्र, मानसिक विकृति और शोषण के चिन्ह मिलते हैं तो उपन्यास में कुछ भी अस्वाभाविक नहीं लगता. मानसिक विकृति, व्यावसायिक रुझान और सत्ता के वर्चस्व के रुप में जिस तरह से धर्म समाज में स्थापित हो रहा है और होता आया है उसकी सही अभिव्यक्ति यहां मौजूद है।

मानव सभ्यता के विकासक्रम में सत्ता के प्रति असहमति के स्वर को जितनी चतुराई से दबाया जाता रहा, एक मानव समुदाय को संस्कृति और जीवनशैली के स्तर पर सम्पन्न होने के बावजूद मनुष्य के वर्चस्ववादी वर्ग ने असुर करार दिया, हेय बताया है, उपन्यास में ये सारा दुश्चक्र कम कुशलता से रेखांकित नहीं किया गया है। इसे मैं सिर्फ समाज के प्रति न्याय करने के प्रयास के तौर पर नहीं देखता बल्कि इसमें दुनिया के हर वर्चस्ववादी सत्ता के प्रतिरोध में उठनेवाले स्वर के समर्थन के रुप में देखता हूं। इसलिए अंत तक आते-आते यह रचना भाषा व्यवहार और परिवेशगत यथार्थ के स्तर पर आंचलिक होते हुए भी शोषितों के पक्ष और समर्थन के स्तर पर ग्लोबल हो जाती है। यानि आर्थिक रुप से ग्लोबल मॉडल को लेकर सिर्फ निर्दोष जंगल ही ग्लोबल नहीं हो रहे, संघर्ष के स्तर पर, इस ग्लोबल मॉडल से लड़ने के स्तर पर विचारधारा भी ग्लोबल हो रही है। यही समाज की ताकत भी है और आपकी व्यवहारिक समझ भी।और
फिर जिस ज्ञान और वैश्विकता के दम पर आम आदमी के लिए शोषण के हथियार तेज किए जा रहे हों, आम आदमी के हाथ में वही ज्ञान और वैचारिकी आ जाएं तो इसमें बुरा क्या है। इसलिए आपके उपन्यास के पात्रों के मर-खप जाने के बाद भी संघर्ष की प्रक्रिया जारी रहती है तो उनका मरना भी निरर्थक नहीं लगता। उपन्यास का एक स्वर यह भी है।
मैंने अपनी क्षमता से जो कुछ भी समझा, लिख दिया। कथानक पर कोई चर्चा नहीं की, पात्र और घटनाओं को लेते हुए कहीं आगे लिखूंगा। फिलहाल इतना ही। मेरे लिखने से यह सत्यापित हो जाए कि मैंने आपके इस उपन्यास को मन से पढ़ा है तो मेरी उपलब्धि हासिल समझिये ।
आपका
विनीत
| | edit post

करीब चार साल बाद किसी को हाथ से चिट्ठी लिखी है और वो भी स्याही की कलम से। लिखते समय स्याही से गंदे हुए हाथ से लेकर सिस्टर लिंड़ा का चेहरा याद हो आया- ओ फूल व्ऑय, तुम इतना भी नहीं जानता कि किस हाथ से लिखना होता है। मैं दोनों हाथों से लिखता, अंत में सिस्टर ने हाथ पर निशान बना दिए थे जिससे कि मुझे लिखना था। यह चिट्ठी मैंने रणेन्द्र सर को लिखी. दो महीने पहले रणेन्द्र सर( चर्चित कहानीकार और इन्साइक्लोपीडिया ऑफं झारखंड के संपादक) ने मुझे अपने उपन्यास लालचन असुर औऱ ग्लोबल गांव का देवता की पांडुलिपि दी और कहा कि पढ़कर बताइएगा कि कैसा लगा आपको यह उपन्यास।आमतौर पर मैं साहित्य और खासकर उपन्यास नहीं के बराबर पढ़ता हूं। एमए के दौरान मैंने बहुत सारे उपन्यास पढ़े और वो भी व्याख्या में अच्छे नंबर आने के लोभ से। जिस उपन्यासकार की रचना कोर्स में लगे होते, उनके बाकी के भी उपन्यास पढ़ता या फिर जिस प्लॉट पर उपन्यास लिखा होता, उससे जुड़े बाकी के भी उपन्यास पढ़ता। सिलेबस के बाहर मैं बहुत कम ही पढ़ा करता। मुझे लगता कि विद्वान बनने के लिए जीवन पड़ा है जबकि नंबर लाने के लिए एक सीमित और खास समय होता है। इधर चार साल से लगातार मीडिया में काम करने से साहित्य लगभग छूटता चला जा रहा है। एक तो समय नहीं मिल पाता और दूसरा कि कई चीजें अव्यवहारिक और अविस्वसनीय लगने लगे हैं। रणेन्द्र सर ने इसी बीच अपनी पांडुलिपि दी।एक दिन सिर्फ इस उपन्यास के लिए तय कर लिया और एक ही सीटिंग में पूरा पढ़ गया। यह जानते हुए भी कि अगर आज खत्म पूरा नहीं किया तो फिर पता नहीं कब कर पाउंगा. लेकिन वजह सिर्फ इतनी नहीं थी. बिना इससे बंधे चाहकर भी खत्म कर पाना मुश्किल हो जाता। पढ़ने के क्रम में जब मैंने रणेन्द्र सर को बताया कि-बीच-बीच में भावुक हो रहा हूं सर, दो साल से रांची नहीं गया, याद आ रही है कई चीजें. उन्होंने फोन पर ही कहा- आप जो कुछ भी महसूस कर रहे हैं, आप हमें एक चिट्ठी लिख दें। मैंने कहा-कोशिश करुंगा और खत्म करने के बाद मैंने तय किया कि एक चिट्ठी लिख ही दूं।रणेन्द्र सर को मेरी ये चिट्ठी व्यक्तिगत तौर पर लिखी गयी चिट्ठी से कुछ आगे की चीज लगी. वो इसे समीक्षा के आस-पास की चीज बताने लगे और कई बार कहा कि आप इसे अपने ब्लॉग पर डाल दें, ताकि बाकी लोग भी शेयर कर सकें। मैं भावुक होकर लिखी गयी इस चिट्ठी को सार्वजनिक कर रहा हूं। उपन्यास में कई पेंच है और उनसे मेरी असहमति भी लेकिन नास्टॉल्जिक हो जाने की वजह से मैंने लिखा ही नहीं। आप उपन्यास पढ़ें और सहमति या असहमति में रणेन्द्र सर से बातचीत करें. नंबर है- फिलहाल मेरी चिट्ठी पढ़ें-
रणेन्द्र सरकुछ कहूं, इसके पहले बधाई स्वीकार करें. मैं यहां बिल्कुल ठीक हूं. अपनी भाषा में कहूं तो मस्त और बिंदास। खूब टीवी देखता हूं और, उस पर विचार करता हूं और विमर्श के नए संदर्भों के हिसाब से विश्लेषित करने की कोशिश करता हूं. इन सबके बीच आपका उपन्यास लालचन असुर और ग्लबल गांव का देवता भी पढ़ा। हालांकि सिर्फ पढ़ा शब्द का प्रयोग करना पर्याप्त नहीं होगा। खैरइस उपन्यास के लिए अगर पहली लाइन कहूं तो सर, यह एक विश्वसनीय उपन्यास है. विश्वसनीय सिर्फ इस अर्थ में नहीं कि जिस प्लॉट को आपने उठाया है वह एक वास्तविक घटना है बल्कि उससे भी ज्यादा कि आपने उसका जो ट्रीटमेंट किया है वो विश्वसनीय है। यह प्रयोग भाषा-व्यवहार, रोजमर्रा की जिंदगी, परिवेशगत यथार्थ के साथ-सात रचनाकार के अपने अनुभव और विचार के स्तर पर भी है. कहीं भी नहीं लगता कि आपने ऐसे प्रसंगों को तूल देने की कोशिश की है जिसमें आपके स्वयं के विचार को ज्यादा स्पेस मिले. आपने पाठकों की समझदारी पर पूरा भरोसा किया है। नहीं तो बड़े से बड़े रचनाकारों के साथ देखता आया हूं कि वो पाठकों की बौद्धिक दक्षता और संवेदना को कमतर करके देखते हैं. ऐसा होने से एक तो रचना अनावश्यक तौर पर परिचयात्मक होने लग जाती है और एक स्तर पर उचाट भी । चाहते तो आप ग्लोबल होने के तीव्र प्रभाव को सतही या फिर कमतर करके दिखा सकते थे और लोगों का भरोसा भी जमता, बल्कि कईयों को बेहतर भी लगता लेकिन आपने ऐसा नहीं किया है। आप जिस मसले पर बात कर रहे हैं, विधा के स्तर पर उसे भले ही उपन्यास का नाम दिया जाए लेकिन इसमें सजग और संजीदा पत्रकार के स्वर ज्यादा मुखर हैं औ समस्याओं के प्रति संवेदनशील होने के बावजूद भी घटना के प्रति तटस्थता इसकी खुबसूरती.हम जैसे लोग जो उस अंचल से रहे हं और महानगरों में आकर बस गए, उसके लिए यह उपन्यास चुनौती है. हमें उपन्यास को पढ़ते हुए बार-बार लगा कि हम जितने भी साल उस अंचल में रहे, महानगरों में आने की हड़बड़ी में आधा-अधूरा जीकर आ गए. इस बीच कई चीजों पर नजर नहीं गयी और कई चीजों को नजरअंदाज कर गए। इसलिए, उस अंचल के होने का दावा बहुत मजबूत नहीं रह जाता.जो उस अंचल के नहीं हैं, उनके लिए इस उपन्यास को पढ़ पाना, थोड़ी-बहुत भाषिक परेशानियों के बावजूद भी एक विस्मयकारी अनुभव होगा कि- अरे, ग्लोबल इफेक्ट के साथ-साथ असुर संस्कृति, यह सब झारखंड और उड़ीसा जैसी जगहों पर अब भी बरकरार है। जो जीडीपी के बढ़ने पर कुलांचे भर रहे हैं और ग्लोबल होकर ही सम्पन्न होने का दावा ठोंक रहे हैं, जिनके लिए डेवलप्ड इंडिया का एकमात्र विकल्प आर्थिक उदारीकरण है, उन्हें यह उपन्यास अपने मॉडल को फिर से विश्लेषित करने के लिए उद्वेलित करता है।........ चिट्ठी का बाकी हिस्सा कल
नोट- रणेन्द्र का यह उपन्यास नया ज्ञानोदय के अगस्त अंक में सम्पूर्ण रुप में प्रकाशित हुआ है और इसे http://jnanpith.net/ny.pdf पर पढ़ा जा सकता है।
| | edit post